औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर में शनिवार रात मिनी ट्रक सवार छह बदमाशों ने एक किसान के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों तमंचों के बल पर भैंस और एक मोबाइल लूट लिया। किसान ने तहरीर दी है।
शनिवार रात रतनपुर निवासी भीमसिंह के पशु मकान के अंदर ही बंधे हुए थे और वहीं सो रहा था। रात में भीमसिंह ने घर के बाहर गाड़ी रुकने की आवाज सुनी। इतने में छह बदमाश घर में घुस और उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने तीन भैंस मिनी ट्रक में चढ़ा लिये और उससे मोबाइल भी लूट लिया। बदमाशों के जाने के बाद भीम सिंह ने शोर मचाया। ग्रामीणों को काफी तलाशा, लेकिन उनका पता नहीं चला। भीम सिंह ने औरंगाबाद थाने में तहरीर दी है। उधर, एसओ कौशलेंद्र का कहना है कि किसान के पशुओं की लूट का मामला उनकी संज्ञान में है। पुलिस इस संबंध में उचित कार्रवाई कर रही है। शीघ्र बदमाशों को धर लिया जाएगा।
चाचा-भतीजे को लूटा
खुर्जा। जहांगीरपुर क्षेत्र में एक नहर के पास शनिवार रात मथुरा बॉर्डर गांव निवासी चाचा-भतीजे को तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को जमकर पीटा। पीड़ितों ने जहांगीरपुर थाने में तहरीर दी है।बुलंदशहर-मथुरा बार्डर के समीप स्थित सिकंदरपुर गांव निवासी संपत अपने भतीजे सोनू के साथ शनिवार शाम खुर्जा से घर लौट रहे थे। नहर के पास घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने दोनों को तमंचे की नोक पर रोक लिया और जेब में रखे सात हजार रुपये, सेलफोन, सोने की चेन लूट ली। देर रात दोनों ने जहांगीरपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।