पुलिस लाइंस चौराहा से खेड़ा नवादा तक हटाया अतिक्रमण
उझानी में अतिक्रमण हटाने के दौरान भिड़े व्यापारी
पुलिस और पालिका प्रशासन की ओर से चलाए जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुक्रवार को भी चला। नगर पालिका परिषद ईओ ललितेश ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पुलिस लाइंस चौराहा से इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा होते हुए खेड़ा नवादा तक अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर नाले और नालियों से अतिक्रमण को हटा दिया गया।
दातागंज तिराहा से लेकर खेड़ा नवादा तक अतिक्रमण करने वाले लोगों ने जमकर बवाल किया। मामला बिगड़ने पर ईओ ने पुलिस बल बढ़ाकर वहां पर भेजा। पुलिस के तेवर कड़े देखकर आखिर में अतिक्रमणकारी शांत हो गए और फिर नालों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया गया।
उझानी में नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में नगर के मुख्य चौराहा से लेकर हलवाई चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान व्यापारियों की टीम से काफी नोकझोंक हो गई, लेकिन पुलिस बल की तेजी देखकर विरोध तेज नहीं हो सका।
नगर के मुख्य चौराहा पर सीओ जेएस पाटनी और ईओ संजय तिवारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटवाना शुरू किया गया। इसमें नालों के ऊपर बनाई गई पटियां तोड़ दी गईं और छतों पर लगाए टिन शेड भी हटा दिए गए। साथ ही तखत और एंगल आदि सामान को पालिका परिषद के ट्रैक्टरों में लाद दिया। अतिक्रमण कछला रोड होते हुए हलवाई चौक तक हटाया गया। इस दौरान व्यापारी नेता अंकुर वार्ष्णेय की ईओ और कोतवाल से नोकझोंक हो गई। पर्याप्त पुलिस बल होने की वजह से व्यापारियों का विरोध मुखर नहीं हो सका। एक दुकानदार की पटिया के नीचे गटर निकला, जिसे पालिका परिषद कर्मियों ने तोड़ दिया। इस मौके पर गोपी चंद्र यादव, जेई विनय सक्सेना, सफाई निरीक्षक संजीव कुमार, एसएसआई अशोक यादव आदि मौजूद रहे।
अलापुर में शुक्रवार को नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर थाना चौराहे से ककराला मोड़ तक और बैंक रोड से अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही मुख्य बाजार में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
शुक्रवार को तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब पौने 11 बजे एसओ एपी सिंह और नगर पंचायत चेयरमैन शकीलउ्ददीन की मौजूदगी में थाना चौराहा से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ और ककराला मोड़ तक नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इसके साथ ही थाना चौराहे से उसावां रोड की ओर और बैंक मार्ग पर एमएफ रोड से अतिक्रमण हटाया गया। नगर पंचायत की टीम ने मुख्य बाजार की तरफ रुख किया, जहां पर अतिक्रमण पर जमकर हथौड़ा बजा। साथ ही स्थायी रूप से अतिक्रमण करने वालों को सख्त हिदायत दी गई। वहीं कुछ लोगों ने एक दिन में खुद ही अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई, तो उन्हें वक्त दे दिया गया।