दोपहर ढाई बजे अचानक प्रमुख सचिव (गृह) और डीजीपी के बरेली आने की सूचना से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया पंद्रह मिनट के अंदर अफसर वायुसेना एयरपोर्ट पहुंच गए और प्रदेश स्तरीय अधिकारियों के बरेली आने का इंतजार करते रहे। शाम करीब साढ़े पांच बजे पता चला कि अफसर अब बरेली नहीं आएंगे, सीधे लखनऊ चले गए हैं। इस सूचना के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
डीजीपी जावीद अहमद और प्रमुख सचिव (गृह) देवाशीष पांडा का बुलंदशहर दौरा प्रस्तावित था। बुलंदशहर पहुंचते ही उन्होंने बरेली आने की सूचना डीएम और एसएसपी को दी। इस सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने समीक्षा बैठक के लिए अधिकारियों को सूचना दे दी और वह पुलिस लाइन में एकत्रित हो गए।
दौरे के मद्देनजर अफसरों में यह बेचैनी थी कि जिस तरह से सीएम ने बुलंदशहर के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है, कहीं उसका असर बरेली में प्रमुख सचिव और डीजीपी की समीक्षा बैठक में दिखाई न दें। दूसरा कारण यह भी बताते हैं कि आखिर अचानक बरेली आने का संदेश क्यों दिया था। संकेत मिले हैं कि यहां आपराधिक घटनाएं अधिक हो रहीं हैं। जिनकी गूंज लखनऊ तक है।