रिंग बांध के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने महुला बंधे के पास गढ़वल मार्ग पर शुक्रवार की सुबह नौ बजे चक्काजाम कर दिया। इस दौरान अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। बाद में सिंचाई विभाग के एसडीओ से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दस बजे जाम समाप्त कर दिया।
जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि जब भी बाढ़ आती है तो पहले बरामदपुर ही प्रभावित होता है। नदी से सटा और बंधे से नीचे होने के कारण यह गांव चारों तरफ से पानी से घिर जाता है। रिंग बांध की मांग काफी दिनों से चली आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2014 में अजमतगढ़ बीडीओ ने मनरेगा से रिंग बांध बनवाने का आश्वासन दिया था लेकिन आज तक कुुछ नहीं हुआ। उधर, मौके पर पहुंचे गांव के प्रधान दिनेश पटेल ने सिंचाई विभाग के एसडीओ से ग्रामीणों की मोबाइल से बात कराई। एसडीओ ने कहा कि बंध निर्माण का प्रस्ताव बनाकर समीक्षा अधिकारी को भेजा जाएगा। एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। जाम करने वालों में श्रीनिवास पटेल, अनिरुद्ध पटेल, निरगुन, रमेश, कमलेश, कतवारु, शिवसरन, नवरतन, प्रभुनाथ, शिवनाथ, गुलाब, गौरी, कविता, शारदा, चिंता, इमरती, सुराजी, मीरा, लीलावती, नीलम आदि शामिल थीं।