बिछवां। थाना क्षेत्र के गांव जगतपुर की मुस्लिम बस्ती में बुधवार दोपहर एक घर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीन अन्य घरों को भी चपेट में ले लिया। चार घरों में लगी आग से हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस और दमकल के वाहन पहुंच गए, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव जगतपुर में बुधवार दोपहर करीब एक बजे अल्पसंख्यक बस्ती निवासी निजामुद्दीन के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन तब तक आग ने पड़ोस के फैज मोहम्मद, नूर मोहम्मद और रफीक के घरों को भी अपने आगोश में ले लिया। साथ चार घरों में लगी आग को बुझाने के लिए गृहस्वामी और ग्रामीण जुट गए।
इधर, सूचना पर पुलिस व दमकल विभाग भी मौके पर पहुंच गया। हालांकि दमकल के आने से पहले ही आग पर काबू पाया जा चुका था। आग में सभी पीड़ितों का घरेलू सामान आदि जलकर राख हो गया। हालांकि आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ कर हादसे के बारे में जानकारी जुटाई। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल को भी दी गई है।
-----
बेटी की शादी को रखे डेढ़ लाख रुपये जले
जगतपुर में अग्निकांड की घटना में निजामुद्दीन की बेटी की खुशियां भी आग में जल गईं। कुछ दिन बाद ही निजामुद्दीन की पुत्री का निकाह होना है। इसके लिए उसने करीब डेढ़ लाख रुपये जमा किए थे। वह पुत्री के निकाह की तैयारियों में जुटा था। हादसे में डेढ़ लाख रुपये जलने से वह बेहद परेशान है।
----
तेज हवा भड़का सकती थी आग
जगतपुर की मुस्लिम बस्ती में आग के समय हवा का रुख हल्का था। इस कारण ग्रामीणों ने मिट्टी और पानी डालकर आग पर समय रहते काबू कर लिया। ग्रामीणों का कहना है यदि हवा तेज होती तो कई और घर भी आग की चपेट में आ जाते।
----