विजयदशमी उत्सव पर ऐतिहासिक धार्मिक स्थल जाखू मंदिर में 40 फुट के रावण के पुतले का दहन हजारों की भीड़ के बीच हुआ। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दशहरा उत्सव पर रावण दहन का नजारा देखने के लिए जुटी हजारों राम हनुमान की भक्तों की भीड़ के बीच करीब सवा छह बजे रिमोट दबाकर रावण के पुतले को आग लगाई।
रावण की आंखों से सुलगी आग देखते ही पटाखों और आतिशबाजियों के धमाकों के साथ जलने लगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में बनाए विशालकाय रावण, कुभकर्ण, मेघनाथ के पुतलों को भी बारी बारी से रिमोट दबाकर आग लगाई। आग लगते ही पूरा परिसर मौजूद हजारों की भीड़ में जय श्री राम....,जय हनुमान के नारे करीब बीस मिनट तक गुंजते रहे।
रावण पुतला दहन का सबसे अधिक आनंद बच्चों की भीड़ ने लिया। पुतला दहन से पूर्व परिसर में करीब बीस मिनट तक आतिशबाजी का शो देखने लायक था, इसमें रंग बिरंगी आतिशबाजियां हवा में ऊंचाई की ओर जाती और धमाका करती हुई नजर आई। मंदिर परिसर में जुटी पूरे शहर और यहां घुमने आए पर्यटकों ने दशहरे रावण पुतला दहन के समारोह का आनंद लिया, और हर पल को अपने केमरों में कैद किया।
मुख्यमंत्री के सामने हुआ राम रावण युद्ध
जाखू हनुमान मंदिर परिसर में भगवान राम की सेना और रावण की सेना के बीच जमकर युद्ध हुआ। इसमें गदा और तीरों से सेना ने एक दूसरे पर जमकर वार किए। मुख्यमंत्री के परिसर में पहुंचने से पहले जारी इस युद्ध में भगवान राम ने रावण को तीर मार कर गिराया। इसके साथ ही परिसर में जय श्री राम के नारे गुंजने लगे।
वेबसाइट का लोकार्पण
दशहरा उत्सव में आए मुख्यमंत्री ने पुतला दहन से पूर्व मंदिर में जा कर पूजा अर्चना की। इसके बाद सीएम ने मंदिर ट्रस्ट के कार्यालय में जा कर मंदिर की साइट का शुभारंभ किया उसके बाद मंदिर ने नए लंगर हॉल का लोकार्पण भी किया। मंदिर की www.jakhuhanumantemple.in साइट के माध्यम से भक्त आनलाइन डोनेशन देने के साथ ही मंदिर के इतिहास की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर पाएंगे।
रामनगर में विधायक ने जलाया रावण
रामनगर यूथ क्लब ने बुराई पर अच्छाई का प्रतीक दशहरा पर्व का आयोजन धूमधाम से किया। क्लब के अध्यक्ष अपूर्व ठाकुर ने बताया कि दशहरे के उपलक्ष्य पर स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शाम के समय आतिशबाजी चलाई। रावण के पुतले को विधायक सुरेश भारद्वाज ने अग्नि लगाकर दहन किया।
बडश में स्कूली बच्चों ने 20 फुट लंबा रावण का पुतला फूंका। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम का भी प्रस्तुत किए। शुक्रवार को सुबह से ही स्कूली बच्चें रावण का पुतला तैयार करने में जुटे रहे। दोपहर बाद भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियां निकाली गईं। शाम पांच बजे पुतले को आग लगाई गई। बच्चों ने गांव के लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।