शिया पीजी कॉलेज के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज एवं ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि योग को किसी धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। योग सभी इंसानों की सेहत से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि योग करने से इंसान निरोग रहता है।
सीतापुर रोड स्थित शिया पीजी कॉलेज में योगा क्लासेज का उद्घाटन करते हुए मौलाना अब्बास ने कहा कि जो लोग योग को धर्म से जोड़ कर देख रहे है वो देश को बीमार देखना चाहते हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि योगा क्लासेज में सूर्य नमस्कार अनिवार्य नहीं है। योग करने वाले चाहे तो सूर्य नमस्कार करे चाहे तो वो इससे दूर रहे। मौलाना यासूब अब्बास भी योग के कुछ आसनों में शामिल हुए।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एमएस नकवी ने बताया कि योगा क्लासेज के प्रत्येक बैच में 50 बच्चों को शामिल किया जाएगा। एक बैच एक सप्ताह का होगा।
फिजिक्स के प्रो. बीबी श्रीवास्तव ने बताया कि योगा क्लासेज की शुरुआत शारीरिक शिक्षा के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि बच्चों को योग के आसन जेके शर्मा और मोहम्मद फरमान सिखाएंगे।