पुलिस की गोली से मारे गए एपल कंपनी के मैनेजर विवेक तिवारी के परिवार से सोमवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और महामंत्री अशोक कटारिया ने मुलाकात की।
इस दौरान विवेक के ससुर रमेश चंद्र शुक्ला ने बेटी कल्पना को दी जा रही नौकरी को लेकर वरिष्ट नेताओं से नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कल्पना को सरकार की ओर से कम से कम ओएसडी स्तर की नौकरी दी जाए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में घर के बजाए इंदिरानगर या गोमतीनगर में आवास देने की मांग की। पीड़ित परिवार की यह प्रतिक्रिया उन खबरों को लेकर आई है जिनमें कल्पना को लखनऊ नगर निगम में पीआरओ के तौर पर नियुक्ति प्रदान करने की बात कही जा रही थी। हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बताया जा रहा है सरकार केंद्रीय सेवा के तरह कल्पना को नौकरी देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज रही है। इसके अलावा परिवार ने जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के रवैये और सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह के बयान पर भी नाराजगी व्यक्त की। मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने परिवार को हर संभव मदद का भरोषा दिलाया।