हीरे के थोक कारोबारी हंसिनी ज्वैलर्स के लखनऊ सहित मुंबई और सूरत के पांच ठिकानों पर शुक्रवार को मुंबई की आयकर टीम ने छापामारी की। छापामारी में करीब 800 करोड़ रुपये के टैक्स चोरी की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। देर रात तक चली जांच के शनिवार तक जारी रहने की उम्मीद है।
और पढ़ें
हंसिनी ज्वैलर्स के मालिक गोपाल दास अग्रवाल (रुदौली वाले) का बेटा गौरव अग्रवाल महानगर स्थित हंसिनी ज्वैलर्स का कामकाज देखता है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मुंबई आयकर विभाग के सौ से अधिक अधिकारी शोरूम पहुंचे। इसमें यूपी के भी आयकर विभाग अधिकारी शामिल थे।
टीम ने शोरूम के भीतर सोने-चांदी व हीरे जवाहरतों से संबंधित दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। शोरूम में जांच के बाद आयकर टीम गोखले मार्ग स्थित आवास पर पहुंची, जहां देर रात तक जांच होती रही। सूत्रों की मानें तो टीम ने लखनऊ में दस ठिकानों पर छापामारी की है।
नहीं मिले लेन-देन के दस्तावेज
सूत्रों की मानें तो छापामारी में भारी मात्रा में नगद, हीरे, सोने चांदी के लेन-देन के दस्तावेजों की जानकारी नहीं मिल सकी है। करीब 800 करोड़ रुपये के टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है। हंसिनी ज्वैलर्स के मालिक गोपाल दास अग्रवाल व उनकेबेटे गौरव अग्रवाल से पूछताछ जारी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। जांच-पड़ताल देर रात तक चलती रही।
200 पूंजीपति राडार पर, हड़कम्प
- फोटो : amar ujala
हंसिनी ज्वैलर्स के शोरूम व आवास पर आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद शहर के बड़े ज्वैलर्स में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। आयकर विभाग के राडार पर शहर के दो सौ से अधिक व्यापारी हैं। लखनऊ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
रियल एस्टेट में भी है दखल
हीरा कारोबारी गोपालदास अग्रवाल ने करीब साल भर पहले ही सोने-चांदी का कामकाज शुरू किया है। गोपाल दास के बेटे गौरव ने पिछले साल धनतेरस पर के अवसर पर महानगर स्थित हंसिनी ज्वैलर्स शोरूम की शुरूआत की थी। इतना ही नहीं हीरे व सोने-चांदी के अलावा गोपालदास का रियल एस्टेट में भी काफी दखल है। रियल एस्टेट के कई प्रोजेक्टों पर काम कर रहे हैं।
व्यापारियों का प्रदर्शन, मांगें मानी
महानगर स्थित शोरूम पर एक ओर आयकर की टीम की जांच कर रही थी, वहीं बाहर लखनऊ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया था। पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि हंसिनी ज्वैलर्स के शोरूम पर पड़ी छापामारी में व्यापार मंडल का प्रतिनिधि क्यों नहीं शामिल किया गया? व्यापारियों की मांग पर गौर करते हुए व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को छापामारी में शामिल किया गया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस पर इनकम टैक्स महानिदेशक आनंद दीप का कहना है कि हंसिनी ज्वैलर्स के ठिकानों पर जो छापेमारी हुई है, उसकी रिपोर्ट अभी मेरे पास नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही बताया जा सकता है कि क्या कार्रवाई होगी।