प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सपा सुप्रीमो
- फोटो : amar ujala
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुक्त कंठ से तारीफ की। हालांकि भाजपा की नीतियों व नोटबंदी को लेकर निशाने भी साधे।
और पढ़ें
सपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करने से पहले मुलायम कार्यकर्ताओं से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संघर्षशील व्यक्ति हैं। उन्होंने जिंदगी में काफी संघर्ष किया है, लेकिन बीजेपी ने कोई वादा पूरा नहीं किया।
उन्होंने लोकसभा चुनाव के वादों और नोटबंदी की चर्चा करते हुए हमले भी खूब बोले। सपा मुखिया ने कहा कि पीएम ने झूठ बोलकर लोगों को ठगा है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हर किसी को 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा-किसी को 15 लाख मिला?
'हर साल तीन-तीन लाख ही दे दो'
मुलायम ने कहा, मैंने लोकसभा में पूछा था कि 15 लाख का क्या होगा? 15 लाख एकमुश्त नहीं दे सकते तो पांच साल में हर साल तीन-तीन लाख ही दे दो।
मुलायम ने नोटबंदी पर मोदी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि नोटबंदी ने गरीब, किसान और व्यापारी को बर्बाद किया। कोई वादा पूरा नहीं कर पाए। जनता असली मुद्दा भूल जाए और नाकामियों की चर्चा न हो, इसलिए नोटबंदी की।
दूसरी ओर सपा ने जो वादा किया, उसे पूरा किया। पढ़ाई, दवाई और सिंचाई मुफ्त करने का वादा किया था, पूरा किया।
किसी का टिकट काटकर खुश नहीं होता
मुलायम ने कहा कि किसी का टिकट काटकर उन्हें खुशी नहीं होती है। अच्छे वर्कर को यदि टिकट नहीं दे पाते हैं तो दु:ख होता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और बसपा दो व तीन नंबर की लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए जुटने की अपील करते हुए कहा कि 28 फरवरी तक चुनाव हो जाएंगे। इसके बाद मार्च में परीक्षाएं होंगी।