गाजियाबाद में हुई बड़ी लूट की घटना के बाद शासन ने वहां के एसएसपी वैभव कृष्ण को हटा दिया है। उनके स्थान पर सहारनपुर के एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल को गाजियाबाद का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है।
शामली के एसपी दिनेश कुमार पी को सहारनपुर और पीएसी बरेली में तैनात अजय कुमार को शामली का एसपी बनाया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम गाजियाबाद में एक ज्वैलर से बंदूक की नोक पर 50 लाख की लूट हुई थी।
इस घटना से मुख्यमंत्री बेहद खफा थे। वहीं गाजियाबाद के स्थानीय नेता भी वैभव कृष्ण की आक्रामक शैली के विरोध में कई बार मुख्यमंत्री से शिकायत कर चुके थे। हालांकि जो दो अन्य पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं उन्हें बतौर इनाम यह तैनाती दी गई है।
2009 बैच के आईपीएस दिनेश कुमार पी को शामली जैसे छोटे जिले सहारनपुर जैसे संवेदनशील और बड़े जिले में भेज दिया गया है। वहीं अजय कुमार को पीएसी बरेली से शामली भेजा गया है। गाजियाबाद से हटाए गए वैभव कृष्ण को इलाहाबाद पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।