लोग कहते हैं कि मैं अंडर ट्रेनिंग सीएम हूं तब भी मैंने इतना काम किया। अब तो ट्रेंड हो गया सोचिए किना काम करूंगा। ये बातें सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ के ताज होटल में हो रही स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर समिट के दौरान कहीं।
और पढ़ें
उन्होंने कहा, इस कार्यक्रम के बाद मुझे बजट भी पेश करना है। सदन न जाने कितनी बार रुका होगा, न जाने कितनी बार नारे लगाए होंगे, मुझे इसकी खबर नहीं मिली है लेकिन इतना यकीन है कि विपक्षियों ने सदन नहीं चलने दिया होगा। जिसका नाम ही विपक्ष हो उससे उम्मीद भी क्या की जा सकती है।
सीएम अखिलेश ने कार्यक्रम के दौरान कहा मुझे विकासपुरुष कह दिया ये नारा बहुत पुराना है। उन्होंने कहा कि प्रधान भी एक सड़क या नाली बना देता है तो खुद को विकास पुरुष बता देता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ अफसर डायल 100 नहीं चलने देना चाहते लेकिन हमारे मुख्य सचिव दीपक सिघल शानदार हैं। हमें उम्मीद है वह कोई काम रुकने नहीं देंगे।
मेट्रो से आऊंगा बजट पेश करने
सीएम अखिलेश ने कहा कि बहुत से लोगों को यकीन नहीं था कि एक्सप्रेस बनाया जा सकता है। देश की लालची पार्टियां इस बात पर बहस कर रही थीं कि किसानों से जमीन लेने का तरीका क्या हो।
लोकसभा में बहस भी हुई लेकिन उसी समय यूपी में हमने कम समय में जमीन ली। जमीन देने के लिए सीएम अखिलेश ने किसानों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, हमने किसानों का भरोसा जीता और उनको फायदा दिया। एक्सप्रेस वे दुनिया के लिए उदाहरण है। हमारी कोशिश है कि शहर और गांव जुड़ने के साथ किसानों को भी लाभ हो।
सीएम अखिलेश ने कहा, अमेरिका ने सड़कें बनाई और सड़कों ने अमेरिका को बना दिया। आप रफ्तार बढ़ा दोगे तो देश आगे बढ़ेगा। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि अगली बार बजट पेश करने मेट्रो से आऊंगा।
सीमा पर सबसे कमजोर साबित हुई भाजपा सरकार
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कश्मीर में जारी हिंसा पर मंगलवार को पहली बार मुंह खोला। उन्होंने केंद्र सरकार पर करारा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार सीमा पर सबसे कमजोर साबित हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा वाले यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। उन्हें अपनी सरकार वाले राज्यों की कानून-व्यवस्था भी देखनी चाहिए।
अखिलेश ने कहा कि वह मिलिट्री स्कूल के पढ़े हुए हैं। उनके साथी बताते हैं कि सीमा पर यह सरकार कितनी कमजोर साबित हुई है। उन्होंने भाजपा की तिरंगा यात्रा पर भी निशाना साधा।
कहा कि 15 अगस्त बीत गया, ये मुद्दों से ध्यान बंटाने के लिए ऐसी यात्राएं निकाल रहे हैं। लोग भाजपा सरकार के इस तरह के काम के पीछे की मंशा को खूब समझ रहे हैं।