बसखारी। थाना क्षेत्र कि किछौछा दरगाह के निकट मंगलवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। साथ आए परिवारीजनों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में इत्तेफाकिया मौत का जिक्र किया है। बाराबंकी जनपद के जैदपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासिनी बिन्देश्वरी (40)पति गुरुशरन के साथ गत दिवस किछौछा दरगाह आयी थी। मंगलवार देर शाम उसका शव किछौछा दरगाह के निकट स्थित बगहवा तालाब के पास पड़ा मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की मौत को लेकर साथ आए परिवारीजन भी स्तब्ध है। उनका कहना है कि बिन्देश्वरी मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। अचानक वह उन लोगों के पास से नदारद हो गई। कुछ देर बाद जानकारी हुई कि वह तालाब के पास मृत पड़ी है। एसओ महेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में परिवारीजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई की मांग नहीं की है। उनका कहना है कि कोई हादसा नहीं बल्कि उसकी स्वाभाविक मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
और पढ़ें