रियासत की ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। पिछले दो दिनों से हो रही बर्फबारी ने अपना असर भी दिखाना शुरू कर दिया है। 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बर्फबारी के चलते बंद रहा।
जोजिला और मीनमार्ग के बीच कई स्थानों पर अपेक्षाकृत ज्यादा बर्फबारी हुई। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के अलावा घाटी और जम्मू के मैदानी इलाकों में बुधवार रात को रुक रुक कर बारिश होती रही।
लेह और घाटी के ऊंचे इलाकों में वीरवार सुबह भी कुछ इलाकों में ताजा हिमपात हुआ। हिमपात और बारिश का सीधा असर तापमान पर हुआ। लेह के साथ साथ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया। गुलमर्ग में सीजन की पहली बर्फ गिरी। इसके अलावा जम्मू के साथ साथ श्रीनगर का दिन का पारा सामान्य से कम रहा।
बारिश और हिमपात से रियासत में ठंड ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लेह में बुधवार रात का पारा मानइस 1.8 जबकि गुलमर्ग को माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, श्रीनगर का दिन का पारा सामान्य से छह डिग्री कम 13.7 डिग्री और जम्मू का दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री कम सत्ताईस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, बुधवार रात को जम्मू में 2.2 मिमी और कटड़ा में छह मिमी बारिश दर्ज की गई। श्रीनगर से जरूरी सामान और यात्रियों को लेकर लेह जा रहे वाहनों को जोजिला से पहले सुरक्षित स्थानों पर रोका गया। वहीं, लेह से आ रहे वाहनों जिसमें अधिकांश खाली ट्रक थे, को द्रास और अन्य स्थानों पर रोका गया है। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार अगले पांच-छह दिनों तक कश्मीर संभाग में मौसम सामान्य रहेगा। सर्द हवाओं से सुबह-शाम कड़ी ठंड हो सकती है, लेकिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी संभव है।