हरियाणा के जिला जींद के नरवाना तहसील के गांव फरैण खुर्द में फर्जी कागजात पर गांव के विकास के लिए आई राशि को हड़पने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने गांव की महिला सरपंच और ग्राम सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
गांव फरैण खुर्द निवासी रोहताश सिंह ने सदर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव की महिला सरपंच नन्ही देवी और पंचायत सचिव रोशनलाल ने गांव के विकास के लिए आई विकास राशि में फर्जीवाड़ा किया है।
दोनों ने विकास कार्यों की राशि हड़पने के लिए फर्जी हस्ताक्षरों के सहारे फर्जी कागजात तैयार करवाए हैं। रोहताश सिंह ने यह भी बताया कि उसके नाम से पंचायती जमीन पर ट्रैक्टर की सहायता से गोड़ी लगवाने के कागजात तैयार करवाकर दस हजार रुपये की राशि दिखाई गई है।
वास्तव में न तो उसने कार्य किया और न ही राशि ली। इसी प्रकार गलियाें का निर्माण, रिंग बांध, पंचायती जमीन पर मिट्टी डलवाने, तालाब की खुदाई करवाने, पानी भरने सहित अन्य विकास कार्यो में व्यापक स्तर पर धोखाधड़ी की गई है। फर्जी हस्ताक्षरों पर कामगार दिखा कर राशि को हड़पा गया है।