बॉलीवुड के खिलाड़ी उर्फ अक्षय कुमार पिछले कुछ सालों से टैक्स चुकाने के मामले में फिल्म इंडस्ट्री के बाकी सितारों पर भारी पड़ रहे हैं। इस साल भी उन्होंने इंडस्ट्री के तीनों खान से ज्यादा टैक्स चुकाया है।
इनकम टैक्स चुकाने के मामले में अक्षय कुमार लगातार छठे वर्ष भी सभी फिल्मी स्टारों से आगे निकल गए हैं। अक्षय कुमार ने इस वित्तीय वर्ष में 18 करोड़ रुपये इनकम टैक्स के रूप में जमा किए। उनसे ठीक पीछे सलमान खान हैं। उन्होंने 11 करोड़ रूपए चुकाए हैं।
'हाउसफुल', 'राउडी राठौड़', 'ओएमजी' व 'स्पेशल 26' जैसी लगातार चार हिट फिल्में देने वाले इस खिलाड़ी ने सभी खान स्टारों को पीछे छोड़ दिया। दबंग सलमान खान ने 11 करोड़ रुपये जबकि शाहरुख खान ने 10.5 करोड़ रुपये इनकम टैक्स दिए।
मिस्टर परफेक्ट आमिर खान इस मामले में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 8 करोड़ रुपये जमा किए। अभिनेत्रियों में कैटरीना कैफ ने सबसे अधिक 4.5 करोड़ रुपये इनकम टैक्स दिए। करीना कपूर ने 4 करोड़ व प्रियंका चोपड़ा ने 2 करोड़ का टैक्स चुकाया है।