आखिरकार 3डी शोले की रिलीज की तारीख फाइनल हो ही गई। 38 साल पुरानी बॉलीवुड की इस सबसे चर्चित फिल्म के 3डी वर्जन के लिए दर्शकों की उत्सुकता काफी दिनों से बनी हुई है।
पहले इसे 15 अगस्त के दिन रिलीज किया जा रहा था। इसके बाद बिग बी के जन्मदिन के अवसर यानी 11 अक्टूबर इसके प्रदर्शन की योजना बनी।
लेकिन दोनों ही मौकों पर इसे दर्शकों के सामने नहीं लाया जा सका। हर बार किसी न किसी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
लेकिन अब 3डी शोले के प्रोड्यूसर जयंतीलाल गाडा का कहना है कि नए साल में दर्शकों के लिए यह एक तोहफा होगा। 3डी शोले 3 जनवरी 2014 को अवश्य रिलीज होगी।
इस फिल्म के प्रमोशन के लिए अमिताभ और धर्मेंद्र दोनों ही राजी हो गए हैं। अब इस फिल्म को यूटीवी रिलीज करने जा रहा है।