दिल्ली विश्वविद्यालय में सीबीसीएस (च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) के तहत यूजी-पीजी के तहत कुछ कोर्सेज के पाठ्यक्रम को डीयू की स्टैडिंग कमेटी में पास कर दिया गया है।
सोमवार को हुई स्टैडिंग कमेटी की बैठक में एमकॉम, एमबीए (इंटरनेशनल बिजनेस), एमबीए (एचआरडी), एमबीए (फाइनेंस), एमबीए (बिजनेस इकोनॉमिक्स) व बीबीए बीएफआई, बीबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स जैसे पाठ्यक्रमों को मंजूरी दी गई है।
इस साल यूजी-पीजी कोर्सेज की कक्षाएं शुरू हो चुकी है। ऐसे में फिलहाल यह तय नहीं है कि इन पाठ्यक्रमों को कब से लागू किया जाएगा। अभी इन्हें अकादमिक काउंसिल (एसी) व एग्जिक्यूटिव काउंसिल (ईसी) से भी मंजूरी मिलना बाकी है। जिसके बाद ही यह कोर्स मान्य होंगे। दरअसल कोर्सेज को एसी व ईसी की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद ही लागू किया जा सकेगा।
इन पाठ्यक्रमों में से कुछ कॉमर्स संबंधित पाठ्यक्रमों में अब छात्रों को पेपर चयन में ज्यादा विकल्प मिलेंगे। साइंस व कोर्सेज के लिए आगामी स्टैडिंग कमेटी की बैठक 24 अगस्त व 27 अगस्त को होगी।
लॉ डीन की अनुपस्थिति के कारण एलएलबी व एलएलएम पाठ्यक्रम पास नहीं हो सका है। अब इसे अगली बैठक में रखा जाएगा। बता दें कि डीयू दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले पीजी कोर्सेज के नवीनीकरण के लिए एक समिति का गठन किया गया था। वहीं डीयू में एसी-ईसी की बैठक नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब स्टैडिंग कमेटी की बैठक के बाद यह संभावना बन रही है कि जल्द ही एसी की बैठक होगी।