सरकारी स्कूलों में पढ़ाए जाएंगे 14 नए विषय
शिक्षा निदेशालय ने दी मंजूरी, सर्कुलर जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में छात्रों को नए विषयों का तोहफा मिला है। शिक्षा निदेशालय ने चालू शैक्षिक सत्र से 11 सरकारी स्कूूलों में सीनियर सेकेंडरी स्तर पर 14 नए विषयों को शुरू करने की मंजूरी दी है। स्कूलों में नए विषयों का विकल्प मिलने सेे इसका लाभ छात्रों को मिलेगा। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने सर्कुलर भी जारी कर दिया है।
सीनियर सेकेंडरी स्तर के 11 स्कूलों में से पांच स्कूलों में शारीरिक शिक्षा विषय को छात्रों के लिए उपलब्ध कराया गया है। सर्कुलर के मुताबिक, आईपी एक्सटेंशन स्थित सर्वोदय कोएड सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेें शारीरिक शिक्षा व सोशियोलॉजी, बोहरगढ़ स्थित गवर्नमेंट कोएड सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेें इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, भलस्वा स्थित सर्वोदय विद्यालय में भूगोल व सोशियोलॉजी, केशवपुरम स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में सोशियोलॉजी, निठारी गांव स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में शारीरिक शिक्षा, तिलक नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में शारीरिक शिक्षा व सोशियोलॉजी, द्वारका के सेक्टर-3 स्थित गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में संस्कृत, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शारीरिक शिक्षा, एमबी रोड पुष्प विहार स्थित गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कंप्यूटर साइंस, चितरंजन पार्क स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में शारीरिक शिक्षा, गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर-दो रेलवे कॉलोनी तुगलकाबाद में नए विषय के रूप में उर्दू को शुरू किया गया है। निदेशालय ने स्कूलों को सलाह दी है कि वह इन विषयों के लिए जरूरी औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूरा करें।