सोसाइटियों में नेटवर्क का संकट, फोन कॉल और डिजिटल कार्य प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-99ए की कई सोसाइटियों में आसपास मोबाइल इंटरनेट टावर नहीं होने के कारण नेटवर्क संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कमजोर नेटवर्क और इंटरनेट सेवा प्रभावित होने के कारण निवासियों को फोन कॉल, वर्क फॉर्म होम और ऑनलाइन पढ़ाई जैसी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इंटरनेट की बेहतर सेवा नहीं होने के कारण निवासियों को प्राइवेट वाई-फाई पर निर्भर रहना पड़ता है। वहीं, लोगों का कहना है कि रिचार्ज होने के बावजूद ठीक सर्विस नहीं मिल पा रही है।
हर महीने फोन और वाई-फाई का रिचार्ज करवाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। लोगों ने बताया कि पर्याप्त नेटवर्क नहीं होने के कारण कई बार कॉलिंग बीच में ही कट जाती है। वहीं, ऑनलाइन मीटिंग, आपातकाल में कॉल करने और डिजिटल कार्य करने में भी परेशानी हो रही है। निवासियों ने बताया कि कई बार इंटरनेट सेवा देने वाली कंपनियों को शिकायत दी गई है। हर बार कंपनियों की तरफ से आश्वासन भी मिला है कि जल्द इस इलाके में टावर लगाए जाएंगे, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
-
शिकायत पर अबतक नहीं हुई कोई सुनवाई
बेहतर इंटरनेट सेवा नहीं होने के कारण घर पर वाई-फाई लगवाना पड़ा है। इससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। -पंकज कुमार मोयल, परीना लक्ष्मी अपार्टमेंट सेक्टर 99ए
इस बारे में कई बार शिकायत इंटरनेट सेवा प्रदान करने वाली कंपनियों को दी गई है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। -प्रवीण ठाकुर, परीना हैबिटेट, सेक्टर-99ए, निवासी
आसपास कोई टावर नहीं होने के कारण बार-बार कॉल बीच में कट जाती है और कई बार फोन बंद बताता है। -संदीप वालिया, परीना लक्ष्मी अपार्टमेंट सेक्टर-99ए