एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

कारोबार पर गिरी बिजली, लोगों ने झेला ठंड का करंट

ब्यूरो / अमर उजाला, हरिद्वार Updated Wed, 17 Dec 2014 01:31 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

मंगलवार को शहर में अघोषित विद्युत कटौती से लोग परेशान रहे। बिजली न आने से पानी भी नहीं मिला। कड़कड़ाती ठंड में हजारों लोगों को सुबह-सुबह बाल्टी लेकर हैंडपंप तलाश करने पड़े। बाजारों में कारोबार ठंडा पड़ा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


हीटर के सहारे ठंड से जूझने वाले बुजुर्गों और बच्चों की हालत खराब रही। होटलों, बड़े शोरूमों, दफ्तरों आदि में हजारों लीटर डीजल जेनरेटर चलाने में फूंकना पड़ा। इनके शोर से शहर लगातार ‘झनझनाता’ रहा।

व्यापारी उतरे सड़कों पर
प्रतिदिन हो रही विद्युत कटौती से परेशान न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। मंडल के अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। न तो आपूर्ति का कोई शेड्यूल है और न कार्य करने का नियमित तरीका।
विज्ञापन


इससे प्रत्येक वर्ग के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कोषाध्यक्ष सुनील गुलाटी ने कहा कि कारोबार बंद होने के कगार पर पहुंच गया है। बाजार में पहले से ही मंदी छाई हुई है और ऊपर से बिजली कटौती हो रही है।

अनूप सिंह सिद्धू ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कटौती में सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करेंगे। इस मौके पर बिजेंद्र सिंह चोपड़ा, सुरेंद्र अग्रवाल, अमित जोशी, संजय द्विवेदी, सतपाल सिंह, ओम प्रकाश, पंकज सैनी, जयंत डोभाल आदि शामिल हुए।

अधिशासी अभियंता का घेराव
बिजली कटौती को लेकर जिला युवा व्यापार मंडल के सदस्यों ने अधिशासी अभियंता का घेराव किया। सदस्यों ने कहा कि कनखल में लगातार 14 घंटे की कटौती हुई है। सभी घरेलू कार्य बिजली से होते हैं, जोकि ठप रहे। पानी तक की आपूर्ति नहीं हो सकी।

इससे काम पर जाने वाले लोगों से लेकर स्कूल जाने वाले बच्चे सुबह तैयार नहीं हो सके। संदीप शर्मा ने बताया कि सोमवार की रात्रि में 9.30 बजे से मंगलवार दिन में 11.30 बजे तक विद्युत कटौती जारी रही।

इतनी बड़ी कटौती से समस्या उठानी पड़ी। घेराव करने वालों में संजय त्रिवाल, राजू बक्शी, रवि दिवान, कौशल सचदेवा, विशाल गोस्वामी, राजकुमार चुघ, हरिशंकर, अनुराग शर्मा, विशाल माहेश्वरी, सचिन त्रिवाल, गोपाल चौरसिया आदि शामिल हुए।

वहीं ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी कनखल कुलभूषण उप्रेती ने बताया कि लाठोवाली में बिजली का तार टूट जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

यहां रही कटौती और आवाजाही
कनखल में 14 घंटे, रात 9.30 बजे से दिन में 11.30 बजे तक कटौती रही।
मध्य हरिद्वार रानीपुर मायापुर फीडर से सुबह 11.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक कटौती।
मॉडल कालोनी में 11 बजे से 5.30 बजे बिजली आपूर्ति बंद हुई।
देवपुरा चौक में 12.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक बाधित हुई।
ज्वालापुर में 12 बजे से शाम पांच बजे तक।
शास्त्रीनगर, रामनगर, नाथनगर आदि में दोपहर 12 बजे से दो बजे तक।
इसके अलावा शहर के प्रत्येक हिस्से में घंटे भर की कटौती एवं आवाजाही जारी रही।

मरम्मत एवं केबल बदलने के कार्य के चलते बिजली कटौती करनी पड़ी है। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब थे, उन्हें भी ठीक किया गया। हीटर आदि चलाने से लोड बढ़ गया है। लगातार बिजली मिले, इसके पूरे प्रयास जारी है।
- अतुल अग्रवाल, अधिक्षण अभियंता, हरिद्वार
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें