टांडा मजादा गांव में शनिवार रात घेर में सो रहे एक किसान की पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। इससे गुस्साए लोगों ने हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस की मौजूदगी में ही मकान से बाहर खींचकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
पढ़ें, गर्ल्स हॉस्टल के चप्पे-चप्पे पर थे सीसीटीवी कैमरे
बचाने का प्रयास कर रहे एक दारोगा और दो सिपाहियों को भी हमला कर घायल कर दिया। डबल मर्डर से उपजे तनाव के मद्देनजर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
आठ लोग गिरफ्तार
दोनों पक्षों के आठ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। साथ ही 13 नामजद और करीब 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ अभिरक्षा में हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी सदानंद दाते ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
होली में ही बन गई थी पृष्ठभूमि
घटनाक्रम के अनुसार, टांडा मजादा निवासी बलजीत (55) और अशोक कुमार (50) के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। हाल ही में होली के दिन रंग लगाने को लेकर दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया था, जिसमें अशोक और उसके दो बेटे दीपक और राजबीर समेत पांच लोग घायल हुए थे।
पढ़ें, सरकार बचाने बहुगुणा के दरबार में पहुंचे हरीश
शनिवार को सरकारी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अशोक घर आया था। आरोप है कि रात करीब साढे़ बारह बजे अशोक ने अपने साथियों के साथ धावा बोलकर घेर में सो रहे बलजीत की गला दबाकर हत्या कर दी। विरोध करने पर उसकी पत्नी मन्नो देवी और बेटी पायल को भी पीटा गया।
भीड़ ने आरोपियों को मार डाला
शोर-शराबा होने पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए ग्रामीण बलजीत की लाश देखकर भड़क गए। सूचना पाकर एक दारोगा और दो सिपाही भी मौके पर आ गए।
पढ़ें, 100 साल बाद दून पहुंची बुलबुल और मुनिया
उन्होंने पड़ोसी सतपाल के मकान में छिपे मुख्य आरोपी अशोक को दबोच लिया लेकिन बाहर हंगामा कर रही भीड़ के गुस्से को देखते हुए बाहर लाने के बजाय मकान में ही बंद कर दिया।
पुलिसकर्मी भी हुए घायल
पुलिसकर्मी बाहर लोगों को शांत करने का प्रयास करने लगे, लेकिन गुस्साई भीड़ ने दारोगा राकेश भट्ट, सिपाही आनंद चौहान और राजेंद्र चौहान को घायल कर अशोक को जबर्दस्ती मकान से बाहर खींच लिया तथा लाठी-डंडों से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया।
एसएसपी ने लिया जायजा
दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ मनोज कत्याल कई थानों की पुलिस और पीएसी लेकर मौके पर पहुंचे। एसएसपी सदानंद दाते ने एसपी देहात अजय सिंह के साथ गांव में पहुंचकर जानकारी ली तथा कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए।