पोखरी चांदनीखाल के पास पोखरी-चांदनीखाल मोटर मार्ग पर एक ईको वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे में वाहन करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और उसके परखच्चे उड़ गए।
थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत ने बताया कि वाहन हापला से पोखरी की ओर आ रहा था। चांदनीखाल के समीप उल्काधार में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में भिकोना निवासी अनुज (26 वर्ष), गुनियाला निवासी विजनेस रावत और चौरा निवासी अक्षय (40 वर्ष) घायल हो गए।
सूचना मिलते ही लखपत सिंह बुटोला, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा और थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया।
ये भी पढे़ं...Chardham Yatra: ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण के दौरान बवाल, यात्रियों में मारपीट, महिला तीर्थयात्री बेहोश
सीएचसी पोखरी में घायलों का उपचार किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि अनुज और विजनेस रावत की हालत सामान्य है, जबकि गंभीर रूप से घायल अक्षय को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।