कोरबा: सेवा पखवाड़ा के तहत नशामुक्ति मैराथन का आयोजन, काफी संख्या में छात्र छात्राओं ने लिया भाग
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: Digvijay Singh
Updated Sat, 20 Sep 2025 07:03 PM IST
सार
कोरबा में सेवा पखवाड़ा दिवस अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संजू देवी राजपूत महापौर नगर पालिक निगम की उपस्थिति में घंटाघर निहारिका से निर्मला स्कूल कोसाबाडी कोरबा तक मैराथन का आयोजन किया गया।
कोरबा में सेवा पखवाड़ा दिवस अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संजू देवी राजपूत महापौर नगर पालिक निगम की उपस्थिति में घंटाघर निहारिका से निर्मला स्कूल कोसाबाडी कोरबा तक मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, आम नागरिकगण और जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इस अवसर पर महापौर राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के अलग-अलग विभाग द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज शनिवार को नशामुक्त मैराथन के माध्यम से शहर के युवा पीढ़ी और आम नागरिकों को जागरूक कर उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने युवा पीढ़ी को शिक्षा को अपनाते हुए बेहतर भविष्य निर्माण करने और नशा से दूर रहते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षक एवं अन्य आमजन को मैराथन पूर्व नशामुक्ति शपथ भी महापौर द्वारा दिलाया गया।मैराथन को हरी झंडी दिखाकर घंटाघर निहारिका से निर्मला स्कूल कोरबा को रवाना किया गया ।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशा नाश का कारण है वही आज परिवार में कलह का मुख्य वजह है। नशा से लोगों को दूर रहना चाहिए खासकर युवा पीढ़ी को जो आज के वर्तमान समय में नशे के आदी होते जा रहे है। इसे लेकर पखवाड़े के तहत एक विशेष अभियान चलाया गया जहां लोगों को जागरूक किया गया।