राज्य सरकार द्वारा गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज सुविधा देने के लिए जनवरी-14 से भगत पूरन सिंह सेहत बीमा योजना शुरू की जा रही है।
योजना के तहत जिले के 42,238 नीले कार्ड धारक परिवारों को तीस हजार रुपये तक के मुफ्त इलाज की सहूलियत दी जाएगी।
यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर टीपीएस सिद्धू ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों और बीमा कंपनी प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग में दी। मीटिंग में लाभपात्रियों के रजिस्ट्रेशन और स्मार्ट कार्ड बनाने के काम की भी समीक्षा की गई।
डीसी ने बताया कि इस स्कीम के तहत जिले में कुछ अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें अमर अस्पताल, आदित्याज अस्पताल, सीएचसी (मोहाली, डेराबस्सी, ढकौली, कुराली), चीमा मेडिकल कॉम्प्लेक्स, गुरु हरकिशन साहिब चैरिटेबल अस्पताल शामिल हैं।
यहां गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। एक परिवार के ज्यादा से ज्यादा पांच मेंबरों को सुविधा दी जाएगी। अगर पहले साल घर में किसी बच्चे का जन्म होता है, तो उसे छठे मेंबर के रूप में स्कीम के दायरे में लाया जाएगा।
स्कीम के नोडल अफसर-कम-डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. पवन जगोता ने बताया कि पहले सिर्फ गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को मुफ्त सेहत बीमा स्कीम का फायदा मिलता था।
परंतु इस नई स्कीम से और लोगों को भी फायदा होगा। स्कीम का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी के डिप्टी मैनेजर हरदीप सिंह ने बताया कि स्कीम के तहत स्मार्ट कार्ड बनाने का काम इसी महीने शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए गांव स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे।