भारतीय ऑटो बाजार में पिछड़ रही जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा मोटर्स अपने विकास के लिए इंडियन मार्केट में नई कारों को उतारने पर ध्यान दे रही है। भारतीय बाजार में अगले साल अपनी पहली डीजल कार 'अमेज' को लांच करने के लिए तैयार होंडा अब N-सीरीज कार के लिए प्लानिंग कर रही है। होंडा अमेज कंपनी की बाजार में पहले से मौजूद ब्रायो हैचबैक के प्लेटफार्म पर आधारित होगी।
होंडा की नई N-सीरीज कार साइज में छोटी और किफायती होगी। कंपनी N-सीरीज कार को चीन, थाईलैंड और भारत के बढ़ते कार बाजार को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है। कंपनी की तरफ से प्रदर्शित की गई N-सीरीज कार में आकर्षक इंटीरियर, कॉम्पैक्ट इंजन और फ्लोर के नीचे बीच में फ्यूल टैंक दिया गया है।
होंडा मोटर के प्रेसीडेंट ताकानोबु ने बताया कि कंपनी भविष्य में तेजी के साथ बढ़ते बाजार को ध्यान में रखका N-सीरीज कार की लंबाई और इंजन साइज को मॉडीफाई करके लांच करेगी। उन्होंने बताया हमारा मानना है कि N-सीरीज कार को एशियन मार्केट को ध्यान में रखकर ब्रायो की रेंज में ही तैयार किया जाए। कंपनी का लक्ष्य 2016 तक 5 लाख N-सीरीज कारों को बेचने का हैं।